यूपी में पेट्रोल पंप के मालिकों की हड़ताल मंगलवार दोपहर 12 बजे खत्म हो गई, पेट्रोल मिलना 3 बजे से शुरू हो गया। बता दें कि पेट्रोलपंप की मशीन में माइक्रोचिप युक्त डिवाइस लगाकर तेल चोरी करने के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई से भड़की लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने सोमवार रात हड़ताल की घोषणा की थी।
सोमवार को पेट्रोल पंपों पर हड़ताल के नोटिस चस्पा मिले वहीं देर रात अचानक हुई इस हड़ताल से जनता को भी काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं। वहीं मंगलवार सुबह पेट्रोलियम एसोसिएशन ने डिप्टी सीएम से मुलाकात की। डिप्टी सीएम से मुलाकात के बाद डीएम प्रभारी सीडीओ ने पेट्रोल पंप मालिकों को आश्वसन दिया कि जिस यूनिट में डिवाइस मिलेगी वही सील होगी पूरा पंप सील नहीं होगा। इसके बाद हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी गई।
उधर, एडीएम आपूर्ति डॉ. अलका वर्मा ने एसोसिएशन की इस कार्रवाई को गलत बताया और कहा था कि हड़ताल नाजायज है और जनता को असुविधा होने पर पंप संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को एसोसिएशन के सचिव सुधीर बोरा ने कहा था कि कार्रवाई के नाम पर पंप मालिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने अनिश्चितकाल के लिए राजधानी के सभी पंप बंद करने का एलान किया जिसके बाद 170 से अधिक पेट्रोलपंप की मशीनें बंद कर दी गईं।
पदाधिकारियों का कहना था कि कार्रवाई के दौरान कई ऐसे पंप भी सील कर दिए गए जिनकी मशीनों में कोई गड़ुबड़ी नहीं पाई गई। पीजीआई स्थित अखिलेश सिंह के इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन कंपनी के पेट्रोल पंप पर कार्रवाई के विरोध में नेता और एसोसिएशन के पदाधिकारी एकत्र होकर हंगामा करने लगे।
एसटीएफ और बाट-माप विभाग की टीम के साथ अभद्रता भी की। सूचना पाकर आई पीजीआई पुलिस ने मोबाइल फोन से नेताओं और हंगामा कर रहे लोगों की वीडियो बनानी शुरू की तब वह शांत हुए।
अशोक मार्ग स्थित तलवार पेट्रोलपंप पर भी छापे के विरोध में जोरदार हंगामा हुआ। रात करीब साढ़े दस बजे एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की जिसके बाद पंप बंद हो गए।