लखनऊ। गर्मी बढ़ने के साथ एक बार फिर से आम उपभोक्ताओं को बिजली संकट का करंट लगना शुरू हो गया है। कहीं पर एबीसी और ट्रांसफार्मर जल रहे हैं तो कहीं फॉल्ट आने से जनता को बिजली नहीं मिल रही। रविवार रात तेलीबाग व मोहान रोड इलाकों के सैकड़ों परिवारों को जागना पड़ा।
तेलीबाग क्षेत्र में रविवार रात 11 बजे कल्ली पश्चिम के जगत खेड़ा में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इसके साथ ही एबीसी लाइन सड़क पर टूट कर गिर पड़ी जिससे चिंगारियां निकल रही थीं। जगत खेड़ा के रहने वाले आदित्य सिंह, संजय, कुलदीप शर्मा, अंकुश राहुल, जगदेव ने बताया कि रविवार रात 11 बजे गुल बिजली सोमवार शाम 7 बजे के बाद चालू हुई। सुबह से शाम तक कर्मचारी ट्रांसफार्मर को ठीक करने और एबीसी लाइन बदलने में जुटे रहे। करीब 20 घंटे तक लोग गर्मी में बिजली-पानी के लिए तरस गए। शाम 7 बजे बिजली चालू हुई तो दोबारा एबीसी में फिर से आग लग गई जिस पर लोगों ने हंगामा किया। इसे देर रात ठीक किया जा सका।
पूरी रात जागे, जनरेटर से भरा पानी
पारा। एफसीआई उपकेंद्र के तहत प्रभातपुरम, प्रतीक विहार, पिंक सिटी, पश्चिमी विहार व आसपास के क्षेत्र में रविवार रात केबल जलने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई जो सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे के बाद बहाल हो सकी। बिजली की आस में परिवार पूरी रात जागे। सुबह जनरेटर मंगाकर मोहल्ले के लोगों ने पानी भरा। शुभम चौरसिया और मोहित याग्निक ने बताया रातभर बिजली न रहने से पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। मोहान रोड के नरौना और पतौरा गांव में भी देर रात करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। पश्चिमी विहार व आसपास इलाके में सोमवार दोपहर दो बजे बिजली आई।
एक माह में तीन बार जला केबल
गुडंबा। बिजली के केबल में आग लगने के कारण गुड़ंबा के सालिक विहार कॉलोनी में डेढ़ घंटे तक बिजली बाधित रही। फैजुल्लागंज क्षेत्र में रविवार रात करीब 11 बजे मिल्लत नगर ढाल पर केबल में भीषण आग लग गई। यहां सोमवार सुबह करीब 5:15 बजे बिजली चालू हो सकी। लोगों का कहना है कि यहां एक माह में तीन बार केबल जल चुका है। इसी प्रकार हरिओम नगर फीडर का 11 केवी केबल क्षतिग्रस्त होने से आईएमए स्कूल, गौरभीट और हरिओम नगर के कुछ क्षेत्रों की सप्लाई सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बंद करनी पड़ी।
चोरी की बिजली से एसी चलाने वाले 11 पर एफआईआर
लखनऊ। सोमवार को चेकिंग के दौरान 11 जगहों पर चोरी की बिजली से लोग एसी चलते पाए गए। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार के मुताबिक गरिमा त्रिपाठी नक्स सिटी शारदानगर विस्तार बिजनौर, सीमा कांशीराम काॅलोनी हंसखेड़ा, विनय सिंह गायत्रीपुरम हंसखेड़ा, मुन्नीदेवी, सादाब, मोहम्मद हसन, कृष्ण, गुलशन, सफीक निवासी हरदोइया खेड़ा सीतापुर बाईपास दुबग्गा पर बिजली थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। लखनऊ मध्य जोन के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल के मुताबिक मुस्तकीम मिर्जा व पुत्तन मियां के घर बिजली चोरी पकड़ी गई। इन सभी के घरों में तीन से सात किलोवाट लोड की बिजली चोरी की जा रही थी।
तेलीबाग में प्रदर्शन करते उपभोक्ता और केबल में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद
तेलीबाग में प्रदर्शन करते उपभोक्ता और केबल में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद
तेलीबाग में प्रदर्शन करते उपभोक्ता और केबल में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद
तेलीबाग में प्रदर्शन करते उपभोक्ता और केबल में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद
तेलीबाग में प्रदर्शन करते उपभोक्ता और केबल में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद
तेलीबाग में प्रदर्शन करते उपभोक्ता और केबल में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद