सांसद मेनका गांधी ने सोमवार को इसौली विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को नसीहत दी। कहा कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी ही जिले में रहेंगे। वह चाहे कलेक्टर हों या लेखपाल। या फिर पुलिस व अन्य विभाग के अधिकारी। गड़बड़ी करने वाले व काम नहीं करने वाले जिले से बाहर जाएंगे।
लोकसभा चुनाव जीतने के बाद दूसरी बाद अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर 11 बजे पहुंची पूर्व मंत्री ने अरवल, पारा बाजार, बल्दीराय, हैहनाकलां, नेवादा ब्रह्मजीतपुर समेत 20 गांवों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए लोगों को आश्वासन दिया कि अब क्षेत्र में न्याय होगा। कहा कि किसी को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्वयं को सभी की मां बताया।
कहा कि जैसे मां सबकी तकलीफ सुनती है वैसे में सभी की परेशानी सुनकर उसे दूर करूंगी। उन्होंने लोगों से अपनी तकलीफों के संबंध में लिखित प्रार्थना पत्र मांगा। कहा कि चुनाव में जिसने वोट दिया या जिसने नहीं भी दिया सब मेरे हैं। लोग चाहे किसी जाति व धर्म के हों मैं सबका का कार्य करूंगी। अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ उन्होंने कोटेदारों, प्रधानों एवं ठेकेदारों को भी चेताया।
कहा कि छह माह में ही सड़क टूटने पर ठेकेदार पैसा वापस करेगा। उसकी ठेकेदारी बंद होगी। बेईमानी करने वाले व गलत भुगतान करने वाले प्रधानों व कोटेदारों पर भी कार्रवाई होगी। सांसद ने कहा कि पीएम आवास, बिजली, सड़क, शौचालय समेत अन्य समस्याएं लोग बताएं उनका कार्य कराया जाएगा।
बताया कि कादीपुर में रेलवे आरक्षण केंद्र शुरू करा दिया गया है। रेेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर शौचालय बनेंगे। कहा कि जिले में बड़े कार्यों के साथ छोटे कार्य भी होंगे। नेवादा ब्रह्मजीतपुर की सभा का आयोजन बसपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे विनोद सिंह ने किया था।
इसके पहले जिले में पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह छंगू, डॉ. एमपी सिंह, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, शशिकांत पांडेय, बबिता तिवारी, पूजा कसौंधन, घनश्याम मिश्र, रामदुलार पाठक समेत अन्य ने उनका स्वागत किया। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सांसद मेनका गांधी मंगलवार को लंभुआ विधानसभा क्षेत्र व बुधवार को सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगी।