केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि अखंड भारत के पक्षधर रहे सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में बने ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ के लोकार्पण कार्यक्रम में यूपी के हर जिले के लोग शामिल होंगे।
31 अक्तूबर को गुजरात के बड़ौदा में सरदार सरोवर पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को पहुंचाने के लिए अपना दल (एस) पूरी ट्रेन बुक कराएगी। इसे 28 या 29 अक्तूबर को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से रवाना किया जाएगा। इस ट्रेन को वह स्वयं हरी झंडी दिखाएंगी।
सोमवार को उन्होंने एक बयान में बताया कि ‘स्टेच्यू फॉर यूनिटी’ केरूप में स्थापित लौहपुरुष की 182 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। कार्यक्रम में खास तौर पर पूर्वांचल के जिलों के लोग शिरकत करेंगे।
इसके लिए इच्छुक लोगों को आवेदन करना होगा। अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व एमएलसी आशीष पटेल ने बताया कि वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से बड़ौदा के लिए रवाना होने वाली यह ट्रेन चुनार, मिर्जापुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, पुखरायां, उरई, झांसी होते हुए गुजरात पहुंचेगी।