लखनऊ मेट्रो में यात्रा के लिए लोग अपने डेबिट कार्ड का उपयोग कर सीधे मशीन से टोकन खरीद सकेंगे। इसके लिए एचडीएफसी बैंक और लखनऊ मेट्रो के बीच अनुबंध हुआ है। पीआरओ अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कैशलेस यात्रा को बढ़ावा देने के लिए यह अनुबंध किया गया है।
मंगलवार को बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख संजीव कुमार और मेट्रो के एमडी कुमार केशव ने इस सुविधा की शुरुआत की। सुविधा को लांच करते समय कुमार केशव ने कहा कि अब हम कैशलेश टिकट के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। रेडलाइन पर यात्रा के लिए अभी से यात्रियों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे काउंटर से टोकन खरीदने की जगह मशीनों का उपयोग करें।
कैशलेश मोड के हर महीने काउंटर से टोकन बिक्री भी बंद इसीलिए की जाती है। अब तो लोग खुद भी इसके लिए तैयार होने लगे हैं। स्मार्ट कार्ड रिचार्ज मशीनों से करने के अलावा टोकन भी यात्रा केलिए खरीदने के लिए कैशलेस माध्यम का उपयोग हो रहा है।
बिना लाइन में लगे यात्रा करने का यह अनुभव खुद यात्रियों को खास लगेगा। यात्रियों की जरूरत के मुताबिक एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया के बीच मशीनों को लगाया जाएगा।