लखनऊ। कर्मचारी निधि भविष्य संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से क्षेत्र के सभी छह जिलों लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर, बाराबंकी और रायबरेली में निधि आपके निकट शिविर लगाया गया। शिविर में सालों से लंबित पेंशन के मामले निस्तारित किए गए।
लखनऊ में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वितीय आशीष कुमार ने कार्यालय पर समस्याएं सुनीं। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के स्वर्गीय लौटन के आश्रितों ने कार्यालय पहुंचकर पेंशन भुगतान से जुड़ी समस्या का समाधान पाया। सीतापुर में सुंदरी की पेंशन डीएलसी अपडेट न होने से बाधित थी, जिसे दुरुस्त कराकर एरियर का भुगतान शुरू कराया गया। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि यह पहल संगठन और जनता के बीच संवाद का रास्ता बना रही है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के बारे में व्यापक प्रसार किया जा रहा है। लखनऊ में जिला नोडल अफसर संजय कुमार, सीतापुर में करुनेंद्र मिश्रा, बाराबंकी में शोएबा एजाज, लखीमपुर में संदीप कुमार सिंह, हरदोई में सुमित सोनी व रायबरेली में महेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।