लोहिया संस्थान में पीडियाट्रिक वार्ड शुरू करते निदेशक प्रो. एके सिंह
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में बच्चों और हार्मोन से जुड़ी सर्जरी फिर शुरू हो गई है। इन दोनों विभागों को 12 बेड का वार्ड उपलब्ध करा दिया गया है। साथ ही ऑपरेशन थियेटर भी मिल गया है। मंगलवार को निदेशक प्रो. एके सिंह ने वार्ड का शुभारंभ किया।
लोहिया संस्थान के कई विभाग शहीद पथ स्थित मातृ शिशु रेफरल हॉस्पिटल में चल रहे थे। यहां पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग को 18 बेड एवं इंडोक्राइन सर्जरी विभाग को 12 बेड अलॉट थे, लेकिन इस अस्पताल को कोविड हॉस्पिटल बना दिया गया। ऐसे में यहां चलने वाले पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग और इंडोक्राइन सर्जरी विभाग को इमरजेंसी के तौर पर दो-दो बेड आवंटित किए गए थे। मंगलवार को मुख्य परिसर में सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक में पुरानी इमरजेंसी के पास 12 बेड का नया वार्ड तैयार कर दिया गया है। इस वार्ड को पीडियाट्रिक सर्जरी और इंडोक्राइन सर्जरी विभाग को दिया गया है। निदेशक प्रो. एके सिंह ने वार्ड का शुभारंभ करते हुए कहा कि वार्ड में जरूरत के हिसाब से दोनों विभाग मरीजों को भर्ती कर सकेंगे।
बच्चों की लंबित सर्जरी हो सकेगी
संस्थान के मीडिया प्रभारी एवं पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि कोविड हॉस्पिटल बनने के बाद बच्चों की इमरजेंसी सर्जरी ही हो पा रही थी। अन्य मरीजों की सर्जरी आगे बढ़ा दी गई थी। अब कोरोना का असर कम हो गया है। ऐसे में नया वार्ड मिलने से बच्चों की सर्जरी शुरू हो सकेगी। ऑपरेशन थियेटर भी शुरू हो गया है।