फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिसाल: इन द्रोणाचार्यों ने बिना दक्षिणा के 28 शिष्यों को दिखाई PCS की राह, अफसर बनने में कामयाबी दिला चौंकाया

Thu, 25 Jan 2024 04:08 PM IST
शाहरुख खान विनीत चतुर्वेदी, अमर उजाला, लखनऊ

सार

PCS Result 2024: इन द्रोणाचार्यों ने बिना दक्षिणा के 28 शिष्यों को पीसीएस की राह दिखाई। तीन युवा अफसरों ने ऑनलाइन नोट्स मुहैया कराए। इसके साथ ही मार्गदर्शन भी दिया। इन्होंने 28 युवाओं को पीसीएस अफसर बनने में कामयाबी दिलाकर सबको चौंका दिया है।
 
विज्ञापन
PCS Result 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आपने ऐसे गुरुओं के बारे में सुना है जिनमें पारसमणि के जैसी खूबी हो, जिस किसी विद्यार्थी को छू दें तो सोना बना दें। हम आपको ऐसे तीन युवा अफसरों के भगीरथ प्रयास के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने नौकरी के बाद समय निकालकर साल भर की मेहनत और मार्गदर्शन से 28 युवाओं को पीसीएस अफसर बनने में कामयाबी दिलाकर सबको चौंका दिया है। खास बात यह है कि वह भी बिना किसी फीस या गुरु दक्षिणा के। 
विज्ञापन


राज्य सिविल सेवा में डिप्टी कलक्टर के पद पर कार्यरत प्रतीक्षा त्रिपाठी, मधुसूदन गुप्ता व अभिषेक शुक्ल की टीम ने यह कमाल किया है। इन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए निशुल्क ऑनलाइन मार्गदर्शन दिया। 

चयन होने के बाद प्रतीक्षा त्रिपाठी व मधुसूदन गुप्ता ने आर्थिक तौर पर कमजोर व दूरदराज के मेधावी छात्रों को ध्यान में रखकर राज्य सिविल सेवा परीक्षा के लिए ऑनलाइन मार्गदर्शन देना शुरू किया। जल्द ही एसडीएम अभिषेक शुक्ल भी इस मुहिम में शामिल हो गए।
विज्ञापन


मधुसूदन बताते हैं कि जिम्मेदारी भरे पद की वजह से हम तीनों के लिए नौकरी के बाद समय प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती रही। अपने ‘यूपीपीसीएस टाक्स’ व्हाट्सएप व टेलीग्राम चैनल के जरिये खुद के बनाए नोट्स व परीक्षा की दृष्टि से परखे हुए प्रश्नों के क्विज के जरिये अभ्यर्थियों की तैयारी को धार दी।

त्रिस्तरीय पीसीएस परीक्षा के साक्षात्कार की तैयारी के लिए अभ्यर्थियों को जूम व गूगलमीट के माध्यम से हरिहर मिश्रा व मेजर एसके त्रिपाठी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों व विशेषज्ञों से मार्गदर्शन दिलाया। अभिषेक शुक्ल कहते हैं, सही रास्ता वही दिखा सकता है जो उस राह से गुजरा हो। 

तीनों अफसरों का एक ही ध्येय, सीएम कर चुके सम्मानित
तीनों अफसरों का कहना है कि समाज से जो भी हमने लिया उसे ससम्मान वापस करना हमारा ध्येय है। इसकी प्रेरणा इन्हें अभ्युदय के जनक एडीएम पंकज वर्मा से मिली। आपको बता दें कि प्रतीक्षा व मधुसूदन प्रदेश सरकार की योजना अभ्युदय से जुड़कर सैकड़ों अभ्यर्थियों की मदद कर रहे हैं, जिसके लिए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ दोनों को पुरस्कृत भी कर चुके हैं।

परिणाम देखते वक्त कांप रहे थे हाथ
भावुक होते हुए प्रतीक्षा, मधुसूदन व अभिषेक बताते हैं कि मंगलवार को जारी पीसीएस अंतिम परिणाम के पीडीएफ में अपने विद्यार्थियों का नाम चेक करते हुए वे इस तरह कांप रहे थे कि जैसे यह उनका खुद का भी इम्तिहान रहा हो। महज एक साल में 28 युवाओं की पीसीएस में मिली कामयाबी ने ‘यूपीपीसीएस टाक्स’ के इस टीम के इरादे को और मजबूत किया है।

 
विज्ञापन

आयोग से आई एक खबर से बनाई रणनीति रही गेम चेंजर
मधुसूदन बताते हैं कि आयोग से कुशल प्रशासकों के चयन के लिए साक्षात्कार पैनल में सेना से जुड़े अधिकारियों को भी शामिल किए जाने की खबर आई। इन तीनों मेंटर्स ने इस खबर की गंभीरता को समझा और सेंट्रल कमांड के मेजर व उच्च रैंक के अधिकारियों को अपने चैनल पर मॉक इंटरव्यू में निशुल्क मार्गदर्शन के लिए राजी किया। इस रणनीति का नतीजा आज सबके सामने है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें