पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट इसी महीने के आखिरी सप्ताह में आ सकता है। विरोध के बावजूद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
आयोग ने 29 मार्च को हुए सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र (सीसैट) की उत्तर कुंजी भी जारी कर दी है। 19 मई तक अभ्यर्थियों से आपत्ति मांगी गई है। आपत्ति निर्धारित प्रारूप में ही दर्ज करानी है, जिसका प्रोफार्मा भी आयोग की वेबसाइट पर जारी किया गया है।
माना जा रहा है कि जल्द ही 10 मई को दोबारा हुई प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा की ‘आंसर की’ जारी कर दी जाएगी। आयोग 17 जून से प्रस्तावित मुख्य परीक्षा कराने की भी तैयारी में है। अफसरों की मानें तो आपत्तियों का निस्तारण कर इससे 20 दिन पहले परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 मार्च को हुई थी लेकिन पेपर आउट होने के बाद पहला पेपर निरस्त कर दिया गया था। दोबारा वह परीक्षा 10 मई को हुई।