लंबे इंतजार के बाद आखिर पीसीएम प्रारंभिक परीक्षा-2017 की तिथि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने निर्धारित कर दी है। परीक्षा 24 सितंबर को होगी।
इसमें सीसैट से प्रभावित अभ्यर्थियों समेत तकरीबन चार लाख 59 हजार प्रतियोगी छात्र शामिल होंगे। परीक्षा प्रदेश के 21 जनपदों के विभिन्न केंद्रों में कराई जाएगी। पहले सत्र की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 और दूसरे सत्र की परीक्षा अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 पहले 21 मई को प्रस्तावित थी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। अंतिम तिथि 27 मार्च तक चार लाख 57 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इस दौरान प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद सीसैट से प्रभावित ओवरएज अभ्यर्थियों को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 में शामिल किए जाने की मांग ने तेजी पकड़ ली।
ऐसे में प्रदेश सरकार को गत 11 अप्रैल को हुई कैबिनेट बैठक में सी-सैट से प्रभावित अभ्यर्थियों को पीसीएस में दो अतिरिक्त अवसर दिए जाने का निर्णय लेना पड़ा। यह भी तय हुआ कि सी-सैट से प्रभावित प्रतियोगियों को पीसीएम प्रारंभिक परीक्षा-2017 में मौका दिया जाएगा। इस निर्णय के कारण परीक्षा तिथि टाल दी गई। इसके बाद पुनर्विज्ञापन जारी कर सीसैट से प्रभावित अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए। आवेदन की तिथि नौ मई से नौ जून तक निर्धारित की गई।