मुख्यमंत्री योगी को मांगपत्र सौंपते पीसीएस अफसर।
- फोटो : amar ujala
पीसीएस एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पीसीएस से आईएएस संवर्ग में पदोन्नति की मांग की है। विशेष परिस्थितियों में अनुरोध पर तबादला सहित लंबित समस्याओं के तेजी से समाधान कराने की भी मांग की गई।
पीसीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष व विशेष सचिव नगर विकास उमेश प्रताप सिंह तथा महासचिव व मथुरा के मुख्य विकास अधिकारी पवन गंगवार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को एनेक्सी में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
पदाधिकारियों ने उन्हें बताया कि संवर्ग की समस्याओं से जुड़े कई प्रत्यावेदन शासन स्तर पर लंबित हैं। पूर्व में दिए गए आश्वासन पर भी कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। एसोसिएशन ने ड्यूटी अवधि में कार्यरत किसी अधिकारी के खिलाफ नियुक्ति प्राधिकारी की अनुमति के बिना एफआईआर न दर्ज किए जाने, संवेदनशील पदों पर कार्यरत अधिकारियों को गनर देने और तहसील स्तर पर एक अतिरिक्त वाहन तथा एसडीएम, एडीएम व नगर मजिस्ट्रेट को एसी वाहन दिए जाने की मांग की।
गंगवार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष राजेश कुमार पांडेय, दिनेश चंद्र सिंह व अनिल कुमार मिश्रा तथा संयुक्त सचिव समीर वर्मा भी शामिल रहे।