लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में वर्षों से लंबित रेलकर्मियों के मुद्दों का समाधान हो गया है। कर्मचारियों को न्यूनतम 483 रुपये से लेकर अधिकतम 1,17,000 रुपये तक के लंबित भत्तों का भुगतान दिया गया है।
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस और रेल प्रशासन के बीच बहुउद्देशीय हॉल में गैर-भुगतान संबंधी बैठक हुई। बैठक में यूनियन के मंडल मंत्री राकेश चंद्र वर्मा, मनीष श्रीवास्तव और रेलवे के मंडल कार्मिक अधिकारी सुभाष चंद्र, प्रमोद भारती आदि मौजूद रहे। बैठक में 132 लंबित मुद्दों में से 116 का निस्तारण किया गया। शेष 16 मुद्दों पर विभागीय कार्रवाई जारी है। बैठक में रात्रि भत्ता, शिशु शिक्षण भत्ता, साइकिल अनुरक्षण भत्ता, बंचिंग विसंगति, विद्युत कटौती, आवास भत्ता कटौती, बकाया बोनस भुगतान, जोखिम भत्ता, अतिरिक्त रनिंग भत्ता और सातवें वेतनमान का लंबित एरियर जैसे कई मदों में रुकी धनराशि का भुगतान किया गया।