जमीन चिह्नित, बनाए जाने हैं कुल पांच सेंटर, एक बनकर तैयार
वार्डों को साफ सुथरा बनाने के साथ किसानों को मिल सकेगी सस्ते दर पर खाद
फोटो संख्या ३०
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। शहर क्षेत्र में तीन और एमआरएफ सेंटर बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। जमीन न मिलने के कारण तीन एमआरएफ सेंटरों के निर्माण का कार्य पेंच फंस गया था। सेंटरों के निर्माण के लिए नगर पालिका में टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। केंद्र सरकार की स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत नगर पालिका परिषद रायबरेली में पांच एमआरएफ (मैटीरियरल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर बनाए जाने हैं।
एक एमआरएफ सेंटर के निर्माण और मशीन खरीद पर 50 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाना है। इसमें एक एमआरएफ सेंटर जैतूपुर में बनकर तैयार हो गया है। इसमें अब सिर्फ मशीन लगाई जानी बाकी हैं। मशीन लगाए जाने के लिए 16 लाख रुपये का बजट आ गया है। मशीन खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। चार अन्य एमआरएफ सेंटर में से तीन के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। ये तीन एमआरएफ सेंटर मलिकमऊ आइमा, देवानंदपुर, चकअहमदपुर नजूल में बनाए जाएंगे। शेष एक एमआरएफ सेंटर के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है।
ऐसे काम करेगा एमआरएफ सेंटर
एमआरएफ सेंटरों में सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग किया जाएगा। मशीन से गीला व सूखे कचरे से कंपोस्ट खाद के लिए वहां बने गड्ढे में डाल दिया जाएगा, जबकि प्लास्टिक, लोहा, पीतल व अन्य सामग्री को कबाड़़ी को बेच दिया जाएगा। इससे पालिका की आय बढ़ेगी। कूड़े का निस्तारण होने पर मोहल्ले साफ सुथरा होंगे, जिसका फायदा नागरिकों को मिलेगा।
इनसेट
मलिकमऊ आइमा में कान्हा गौशाला का होगा निर्माण
शहर क्षेत्र के मलिकमऊ आइमा में कान्हा गौशाला का निर्माण किया जाएगा। गौशाला के निर्माण पर एक करोड़ 46 लाख 66 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। गौशाला का निर्माण होने से छुट्टा घूम रहे गोवंशों को संरक्षित करने का काम हो सकेगा। बजट मिल गया है। जल्द गोशाला निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
वर्जन
शहर में कुल पांच एमआरएफ सेंटर बनाए जाने हैं। इसमें से एक सेंटर बनकर तैयार हो गया है, जबकि तीन एमआरएफ सेंटर के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। शेष एक एमआरएफ सेंटर के लिए जमीन खोजी जा रही है। इन सेंटरों के निर्माण से शहर को साफ सुथरा बनाने में मदद मिलेगी। कान्हा गोशाला का निर्माण भी जल्द शुरू हो सकेगा।
-स्वर्ण सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद रायबरेली