लखनऊ। कनेक्शन वर्ल्डवाइड संस्था की ओर से हर माह आयोजित होने वाली- सांस्कृतिक संध्या इस रविवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। हम हिंदुस्तानी थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम देश के सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम को समर्पित रहा। आयोजन में सशस्त्र बलों के चार पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों ब्रिगेडियर अमूल्य मोहन, कमांडेंट राजेंद्र नाथ, कर्नल अनिल आहूजा और ले. कर्नल एकेजी सिंह को मंच पर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर ब्रिगेडियर मोहन ने 1962 के भारत-चीन युद्ध व सैन्य प्रशिक्षण के अनुभवों को साझा किया। कमांडेंट राजेंद्र नाथ ने ''रंग दे बसंती चोला'' सुनाया। कर्नल अनिल आहूजा ने ''गाड़ी बुला रही है'' की माउथ ऑर्गन की धुन से मंत्रमुग्ध किया। ले. कर्नल एकेजी सिंह और मधुमिता रक्षित ने मिलकर ''तुम्हारी नजरों में...'' गीत पेश किया।
नवनीत भसीन, मधुमिता रक्षित, डी.के. मुकेश, नम्रता मिश्रा, ईला गुप्ता, राकेश लालवानी, राहुल पांडेय, रमन श्रीवास्तव जैसे गायकों ने सुरों का जादू बिखेरा। राजेंद्र सिंह पवार व साथियों का नृत्य शानदार रहा। संस्था के सदस्यों ने रैंप वॉक किया। विजेताओं में नवीन कोहली को प्रथम, रेखा कोहली को द्वितीय, राजेंद्र पवार को तृतीय व ममता अस्थाना को सांत्वना पुरस्कार मिला। कनेक्शन वर्ल्डवाइड के संस्थापक सुनील मिश्रा ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। कविता मिश्रा को उनकी पुस्तक-कविता तू क्या है...के लिए और छात्रा काव्यांजलि सिंह चौहान और दक्ष टंडन को ''मेधावी छात्र सम्मान'' से नवाजा गया। संचालन रश्मि मिश्रा और राहुल पांडेय ने किया।