लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में दवा लेने में मरीजों के पसीने छूट रहे हैं। संस्थान के एचआरएफ (हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड) काउंटर पर उन्हें घंटे-घंटे भर खड़ा रहना पड़ रहा है। यहां निर्माण कार्य के चलते एक काउंटर बंद होने से व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
लारी कार्डियोलॉजी की ओपीडी में रोजाना औसतन 300 से 400 मरीज आते हैं। पहले यहां दवा वितरण के लिए दो काउंटर थे, लेकिन वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य की वजह से एक काउंटर बंद कर दिया गया है। अब सारा बोझ एक ही काउंटर पर आ गया है, जिससे दवा लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।
मरीजों का कहना है कि एक से डेढ़ घंटे लाइन में लगने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिल रही। मरीज रामविलास ने बताया कि वह एक घंटे से कतार में खड़े थे, लेकिन उनका नंबर नहीं आया। वहीं, मरीज विनोद ने बताया कि सवा घंटे बाद जब वह काउंटर पर पहुंचे, तो डॉक्टर की लिखी चार दवाओं में से तीन ही मिल पाईं।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह का कहना है कि निर्माण कार्य के कारण अस्थायी समस्या उत्पन्न हुई है। संबंधित विभाग को निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दूसरा काउंटर फिर से शुरू हो सके।