लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के गेट से शुक्रवार को एक मरीज को वापस कर दिया गया। तीमारदार मरीज को यहां से केजीएमयू ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद तीमारदार शव लेकर लौट गए।
कोविड हॉस्पिटल बनाए जाने के कारण बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में गंभीर मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है।सीतापुर अटरिया के रहने वाले रामविलास यादव (65) के लिवर में दिक्कत थी।
उनके बेटे रवि के मुताबिक शुक्रवार तड़के अचानक उन्हें खून की उल्टी हुई। इसके बाद निजी वाहन से बलरामपुर अस्पताल ले गए। उसके गेट से ही उन्हें केजीएमयू ले जाने की सलाह दी गई।
हालांकि, वहां से जाते वक्त रास्ते में रामविलास यादव को दूसरी खून की उल्टी हो गई। इस दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। तीमारदार मरीज को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीमारदार शव लेकर वापस लौट गए।