लखनऊ। केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में मंगलवार को इलाज के दौरान एक हृदय रोगी की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और नौ महीने पहले डाली गई खराब आईसीडी (इंट्रा कार्डियक डिवाइस) मशीन के कारण जान जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
दुबग्गा निवासी मृतक आशीष साहू (36) के भाई मुकुल साहू ने बताया कि आशीष लंबे समय से हृदय रोगी थे। पिछले साल सितंबर में लॉरी के डॉक्टरों ने उन्हें 5.5 लाख रुपये की लागत से विशेष पेसमेकर (आईसीडी) लगाया था, जिसके लिए परिवार को अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी थी। तब डॉक्टरों ने मशीन के लंबे समय तक चलने का भरोसा दिया था।
परिजनों का आरोप है कि यह महंगी मशीन महज 9 महीने में ही खराब हो गई। शनिवार को डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि मशीन काम नहीं कर रही है और नई मशीन लगाने के लिए 8 लाख रुपये का खर्च बताया। इससे पहले लगी पुरानी मशीन के लिए मुख्यमंत्री कोष से भी 2.75 लाख रुपये की मदद मिली थी।
मुकुल के अनुसार, मंगलवार सुबह आशीष को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी किरन साहू और एक बेटा है। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि परिजनों के आरोपों की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। यदि जांच में लापरवाही या गड़बड़ी के आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।