संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में पैथालाजी का हो रहा उच्चीकरण। संवाद
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी को किया जा रहा उच्चीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में मरीजों को बेहतर ढंग से सुविधाएं मिल सकें इसके लिए पैथोलॉजी को नए व सुनियोजित तरीके से बनाया जा रहा है। जिसके लिए शासन की ओर से करीब 40 लाख रुपये की मंजूरी दे दी गई है।
इससे पहले पैथोलॉजी में सभी मशीनें एक ही स्थान पर रखकर जांच की जाती थी। कम मशीनें व अधिक मरीजों के होने के कारण समय पर रिपोर्ट नहीं मिल पाती है। लेकिन नए तरीके से वातानुकूलित पैथालाॅजी के निर्माण से सभी मशीनों के लिए अलग-अलग चैंबर बनेंगे व मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं जो जांच अभी नहीं हो पा रही थीं उन्हें भी शुरू कराया जाएगा। जिसमें माइक्रोलाॅजी व सीरोलाॅजी के साथ ही थायराइड जांच की भी सुविधा शुरू होगी। पैथालॉजी में सभी विभाग अलग-अलग होने से मरीज संबंधित डिपार्टमेंट में पहुंचकर जांच करा सकेगा। फिलहाल पैथोलॉजी पुराने डीडीआरसी विंग में शुरू कराई गई है।
पैथोलॉजी सुव्यवस्थित तरीके से न होने के कारण सभी जांच एक ही स्थान पर की जा रही हैं। जिससे रिपोर्ट मिलने में भी काफी समय लग जाता था। पैथोलॉजी के पुर्ननिर्माण से सुविधाओं के साथ ही काम भी तेज गति से होगा। डॉ. रामगोपाल सीएमएस