रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अब बायोडिग्रेडेबल बोतल में पानी (रेल नीर) मिलेगा। रेलवे के बॉटलिंग प्लांट में ऐसी बोतलें बनने लगी हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लखनऊ से दिल्ली के बीच चल रही देश की पहली तेजस ट्रेन में बायोडिग्रेडेबल बोतलें दी जा रही हैं।
जनवरी से सभी एक्सप्रेस ट्रेनों और जंक्शन स्टेशनों पर ऐसी बोतलें उपलब्ध कराने की तैयारी है। गौरतलब है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर रेलवे ने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि पहली बार रेलवे में बायोडिग्रेडेबल पानी की बोतलें यात्रियों को दी जा रही हैं।
अम्बरनाथ में लगे रेलनीर के प्लांट से इन बोतलों की सप्लाई हो रही है। ट्रायल के तौर पर इसे तेजस में लगाया गया है। इसका जल्द ही विस्तार किया जाएगा। अभी 1500 बोतलों की सप्लाई हो रही है।