मिट्टी की सोंधी खुशबू में घुली चाय का स्वाद जल्द ही चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगा। रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को स्टेशन पर मिट्टी से बने कुल्हड़ों व प्लेटों के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है। दो अक्तूबर से पहले स्टेशन पर कुल्हड़ों का बंदोबस्त रेलवे प्रशासन को करना होगा।
दरअसल, कुम्हारों की जीविका पर मंडरा रहे संकट से निपटने और रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक को प्रतिबंधित करने के क्रम में मिट्टी के कुल्हड़ों के प्रयोग की योजना बनाई गई थी। रेलवे बोर्ड के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कैटरिंग समीर कुमार ने बताया कि देशभर में कुल 400 रेलवे स्टेशनों पर मिट्टी के कुल्हड़ों व प्लेटों के प्रयोग की अनुमति रेलवे बोर्ड की ओर से दी गई है।