सरोजनीनगर। कुआलालंपुर से दिल्ली जा रही बटिक एयर की अंतरराष्ट्रीय उड़ान (ओडी-205) में मंगलवार देर शाम अफरातफरी मच गई। हवा में 24 वर्षीय यात्री मनप्रीत को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। यात्री की हालत गंभीर होते देख पायलट ने तत्काल नजदीकी लखनऊ एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
विमान अपने निर्धारित समय के अनुसार रात 9:05 बजे दिल्ली पहुंचने वाला था, लेकिन इस आपातस्थिति के कारण उसे रात करीब 8:30 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान के लैंड होते ही रनवे पर पहले से मुस्तैद एयरपोर्ट की मेडिकल टीम तुरंत हरकत में आई। डॉक्टरों ने बीमार यात्री को विमान के भीतर ही आपातकालीन प्राथमिक उपचार दिया। त्वरित इलाज मिलने से यात्री की जान बच सकी। फिलहाल डॉक्टरों की टीम लगातार यात्री के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।