दुबई से लखनऊ आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में शनिवार को तब उहापोह की स्थिति पैदा हो गई, जब एक यात्री अपने कपड़े उतार कर विमान में इधर-उधर टहलने लगा। उसकी हरकत से दूसरे यात्री असहज हो गए।
फ्लाइट के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर इस यात्री को सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-194) सुबह सवा सात बजे दुबई से उड़ान भरकर दोपहर सवा 12 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचती है।
शनिवार को भी फ्लाइट दुबई से उड़ान भरकर लखनऊ आ रही थी कि रास्ते में एक यात्री अपनी सीट से उठा और एक के बाद एक कपड़े उतारने शुरू कर दिए। इससे दूसरे यात्री असहज हो गए। हद तो तब हो गई जब वह बिना कपड़ों के अपनी सीट से दूसरी सीटों तक घूमने लगा। इससे महिला यात्री परेशान हो उठीं।
यात्री को नीचे उतारकर सिक्योरिटी के हवाले किया
- फोटो : डेमो
दूसरे यात्रियों ने उसे बैठने को कहा, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। इसके बाद एयर लाइन स्टाफ ने कॉकपिट में क्रू टीम को इसकी जानकारी दी। जैसे-तैसे यात्री को उसकी सीट पर बिठाया गया और चादर लपेट दी गई।
अमौसी एयरपोर्ट पर विमान दोपहर करीब 12.29 बजे विमान लैंड हुआ तो एयर लाइन स्टाफ ने सुरक्षा बलों को सूचित किया। यात्री को नीचे उतारकर सिक्योरिटी के हवाले कर दिया गया। यात्री ने कपड़े क्यों उतारे, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
एयरपोर्ट पर प्लास्टिक की रिवाल्वर से मचा हड़कंप
- फोटो : डेमो
वहीं अमौसी एयरपोर्ट परिसर में रविवार को एक रिवॉल्वर मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षाबलों ने रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर जांच की तो यह बच्चों के खेलने वाला प्लास्टिक का खिलौना निकला।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बिल्डिंग में रविवार सुबह करीब छह बजे विमान में सवार होने वाले यात्रियों की चेकिंग हो रही थी।
इसी दौरान यात्री प्रस्थान हाल में बोर्डिंग एरिया के पास रखे डस्टबिन में एक यात्री को रिवाल्वर जैसा शस्त्र पड़ा नजर आया। उसने सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी। कुछ देर में ही डस्टबिन के आसपास सीआईएसफ जवान पहुंच गए।
सूचना एयरपोर्ट अधिकारियों के अलावा सरोजनीनगर पुलिस को भी दी गई। सीआईएफ जवानों ने उक्त शस्त्र की जांच की तो वह बच्चों का खिलौना निकला।