लखनऊ। अबूधाबी से लखनऊ आ रहे इंडिगो के विमान में एक यात्री ने सिगरेट जला दी। हालांकि, क्रू मेंबर के टोकने पर इसे तुरंत बुझा दिया। विमान के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर सीआईएसएफ ने यात्री को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में यात्री ने गलती मानी। माफीनामा लिखवाने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक आजमगढ़ के सरायमीर थाना अंतर्गत सिरवान निवासी अब्दुल अजीज अबूधाबी में मजदूरी करते हैं। वह मंगलवार रात 1:25 बजे वहां से रवाना हुई इंडिगो की उड़ान (6ई 1416) से बुधवार सुबह 8:25 बजे लखनऊ पहुंचे। सफर के दौरान अब्दुल ने छिपाकर लाए लाइटर से सीट पर बैठे-बैठे सिगरेट जला दी। इसका धुआं उड़ते ही महिला क्रू मेंबर ने टोक दिया। इस पर अब्दुल ने तुरंत सिगरेट बुझा दी। विमान के एयरपोर्ट पहुंचते ही कर्मचारियों ने सीआईएसएफ से शिकायत की। इसके बाद अब्दुल को हिरासत में ले लिया गया। बाद में उन्हें सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के सिक्योरिटी इंचार्ज आदित्य शर्मा ने अब्दुल के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि यात्री का कहना है कि उसने सिगरेट जलाई पर पी नहीं। माफीनामा लिखवाने के साथ अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया।