क्रिसमस और न्यू ईयर पर अगर बिना प्रशासन की अनुमति के पार्टी की तो बहुत भारी पड़ेगी। जिला प्रशासन क्रिसमस व न्यू ईयर पर पार्टी आड़ में हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटेगा। इसके तहत 20 हजार तक जुर्माना संग केस भी दर्ज कराया जाएगा।
एडीएम सिटी पूर्वी व एडीएम सिटी टीजी को विशेषतौर पर क्रिसमस व न्यू ईयर पर बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों की निगरानी कर इन्हें रोकने की जिम्मेदारी मिली है।
जिला प्रशासन ने इन कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़े होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, वाटर पार्क, मनोरंजन पार्क, हाउसिंग सोसायटी से जुड़े पार्कों की निगरानी का जिम्मा क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में संबंधित थाने की पुलिस को सौंपा है।
साथ ही ऐसे आयोजन के लिए जगह उपलब्ध करवाने वाले होटल व प्रतिष्ठान संचालकों को भी चेताया गया है कि आयोजन स्थल देने से पहले जिला प्रशासन की अनुमति अवश्य देख लें। बिना अनुमति आयोजन होने पर आयोजक के साथ ही जगह उपलब्ध कराने वाले प्रतिष्ठान, होटल संचालक को भी कार्रवाई के घेरे में लाया जाएगा।