फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट यात्रा को यूपी तैयार, पढ़िए सबके प्लान

Thu, 20 Mar 2014 12:56 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मौसम का मिजाज तल्ख होने के साथ ही प्रदेश का सियासी पारा भी चढ़ रहा है।
विज्ञापन


लोकसभा चुनाव के ऐलान से पहले अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रदेश में धुआंधार रैलियां कर चुके सियासी दिग्गज जल्द ही फिर एक दूसरे को चुनौती देते नजर आएंगे।

सभी प्रमुख दल यूपी के रास्ते ही दिल्ली की गद्दी तक पहुंचने की कोशिश में हैं, इसलिए यहां चुनावी संग्राम बेहद दिलचस्प होगा।

भाजपा से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी, कांग्रेस से प्रधानमंत्री पद के दावेदार राहुल गांधी तथा तीसरे मोर्चे के दम पर पीएम की कुर्सी पर बैठने का ख्वाब संजोए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव यूपी से ही चुनाव मैदान में हैं।
विज्ञापन

एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी मोदी के खिलाफ ताल ठोंकने का ऐलान कर दिया है।

ऐसे में यहां राजनीतिक दलों में प्रचार अभियान में भी एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी है।

होली की खुमारी उतरते ही प्रदेश के लोगों पर चुनावी रंग चढ़ने लगा है।

पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि दूसरे चरण की 11 सीटों के लिए अधिसूचना बुधवार को जारी होने जा रही है।

सपा ने तैयार कर ली प्रचार की स्क्रिप्ट

होली के चलते प्रचार अभियान फिलहाल ठंडा पड़ा था लेकिन अब राजनीतिक दलों के दफ्तरों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को अपने गांव सैफई में होली मनाई।

इस मौके पर मुलायम ने कार्यकर्ताओं से 50 सीटों का तोहफा मांगते हुए कहा कि अगर इतनी सीटें मिल जाती हैं तो दिल्ली में उनके सहयोग के बगैर कोई सरकार नहीं बन सकती है।

पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि एक-दो दिन में प्रचार अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी। वैसे सभी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

फिर भाजपा निकाल रही है रथ यात्रा

चुनाव घोषणा से पूर्व नरेंद्र मोदी की ताबड़तोड़ रैलियों के बाद भाजपा प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में रथयात्रा निकाल रही है।

वहीं प्रत्याशियों की घोषणा के बाद पार्टी में जिस तरह से घमासान मचा है उसे देखते हुए बड़े नेता अभी प्रचार अभियान के बारे में सोच तक नहीं पा रहे हैं।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि नाराज कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की जा रही है। कुछ और प्रत्याशियों के नाम घोषित होने हैं।

इसके बाद प्रचार अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी। गाजियाबाद सीट छोड़कर इस बार लखनऊ से चुनाव लड़ने जा रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के 22 मार्च को राजधानी पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली से यूपी देख रही हैं माया

बसपा प्रमुख मायावती अभी तक दिल्ली से ही चुनाव तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं।

फिलहाल पार्टी के नेता सतीश चंद्र मिश्र, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, स्वामी प्रसाद मौर्य कुछ क्षेत्रों में सभाएं कर चुके हैं, लेकिन अभी तक पार्टी ने औपचारिक रूप से लोकसभा चुनाव का प्रचार शुरू नहीं किया है।

यही नहीं बसपा ने अभी तक औपचारिक रूप से अपने प्रत्याशियों का ऐलान भी नहीं किया है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि मायावती एक-दो दिन में लखनऊ आ जाएंगी इसके बाद रूपरेखा तैयार करके विधिवत प्रचार अभियान का श्रीगणेश किया जाएगा।

युवराज करेंगे कांग्रेसी अभियान का श्रीगणेश

कांग्रेस ने 62 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। 22 मार्च को पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी प्रतापगढ़ में रैली करके प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे।

कांग्रेस की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के महासचिव जयंत चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पदयात्राएं कर रहे हैं तो अध्यक्ष चौ. अजित सिंह भी सक्रिय हो गए हैं।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद के जरीवाल अब 23 मार्च के बजाय 25 मार्च को वाराणसी में रैली करेंगे।
विज्ञापन

वाराणसी से 'आप' का होगा 'बम-बम'

स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के चुनाव की वजह से उन्हें 23 मार्च को वाराणसी में रैली करने की अनुमति नहीं मिली है।

वाराणसी की रैली में केजरीवाल नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर सकते हैं। केजरीवाल की रैली के बाद आप के अन्य नेता भी पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए दौरे पर आएंगे।

इसे देखते हुए अगले सप्ताह से सूबे में राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान तेज होने के आसार हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें