लोकसभा चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी अमेठी में भले ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से हार गई हों, लेकिन कांग्रेस के इस सियासी दुर्ग को दरकाने की कोशिश लगातार जारी है।
इस कड़ी में आगे आए हैं रक्षा मंत्री मनोहर परिकर। वे यहां के शाहगढ़ ब्लॉक स्थित हरिहरपुर गांव को गोद लेने की तैयारी में हैं। 25 दिसंबर के बाद वे कभी भी हरिहरपुर गांव पहुंच कर इसकी घोषणा कर सकते हैं।
परिकर ने संघ से जुड़े गांव के ही अपने एक विश्वस्त से यहां की समस्याओं और आवश्यकताओं का ब्यौरा मंगवा लिया है।
नई दिल्ली साउथ ब्लॉक स्थित अपने दफ्तर में उनसे तीन दिसंबर को गहन चर्चा भी की थी। परिकर लोकसभा चुनाव के दौरान इस गांव में आए थे। तब उन्होंने लोगों से मुलाकात कर समस्याएं जानी थीं और गांव के विकास का वादा किया था।