लखनऊ। आरपीएफ व कस्टम की टीम ने बीते शुक्रवार को कासगंज-लखनऊ जंक्शन पैसेंजर ट्रेन (55346) से 42 लाख रुपये का पान मसाला जब्त किया है। जब्त पान मसाले का वजन 1,518 किलोग्राम है।
लखनऊ जंक्शन आरपीएफ प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि कमांडेंट अरुण त्रिपाठी के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल और कस्टम विभाग ने लखनऊ जंक्शन पर यह कार्रवाई की है। जब्त पान मसाले की कीमत रेलवे को 35 हजार रुपये बताई गई थी, मगर जांच में कीमत 42,85,650 रुपये पाई गई। इसे बिना जीएसटी बिल या कस्टम शुल्क के ले जाया जा रहा था। कस्टम विभाग ने जब्त माल सील कर दिया है। कार्रवाई में आरपीएफ के उपनिरीक्षक सूरज थापा, वीरेंद्र कुमार और सतेंद्र सिंह शामिल रहे। कस्टम विभाग से अधीक्षक प्रशांत कुमार श्रीवास्तव और निरीक्षक हेमंत कुमार सिंह उपस्थित रहे।