लखनऊ। मेजर ध्यानचंद बैडमिंटन व टेबल टेनिस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए सिटी मोंटेसरी स्कूल आनंद नगर कैंपस के कक्षा नौ के छात्र आशुतोष कुमार सिंह और मो. अमान ने स्वर्ण पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने अंडर-18 बैडमिंटन डबल्स वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। कड़े मुकाबलों में आशुतोष और अमान की जोड़ी ने बेहतर तालमेल और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महानिदेशालय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल यूपी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में कई विद्यालयों के चयनित खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।