पाकिस्तानी हैकर्स ने उत्तर प्रदेश सर्व शिक्षा अभियान के वेब सर्वर पर मंगलवार दोपहर ट्रोजन अटैक कर दिया। इस वजह से करीब पांच घंटे तक वेबसाइट ठप रही और उस पर ‘हैक द वर्ल्ड’ और ‘पाक साइबर स्कल्ज’ का संदेश नजर आता रहा।
विभाग के अधिकारियों को जब पता चला तो उन्होंने अपने साइबर सिक्योरिटी एनालिस्ट्स से संपर्क कर इसे दुरुस्त करवाया।
एसएसए के राज्य परियोजना निदेशक गौरीशंकर प्रियदर्शी ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि कुछ लोगों ने मंगलवार दोपहर परियोजना की वेबसाइट http://www.upefa.com हैक हो जाने की सूचना उन्हें दी थी।
उन्होंने अपने सिस्टम एनालिस्ट्स को इसकी जानकारी दी। पता चला कि वेबसाइट के सर्वर पर ट्रोजन अटैक हुआ है। तुरंत सर्वर पर सुरक्षा सिस्टम स्कैन किया गया। शाम तक वेबसाइट सामान्य हो सकी। प्रियदर्शी ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि सर्वर में ट्रोजन वायरस कैसे आया।