packing and sanitization of luggage
लखनऊ। एयरपोर्ट की तर्ज पर अब लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन भी यात्रियों का सामान सैनिटाइज कर पैक करेगा। इसके बदले दस से पंद्रह रुपये तक शुल्क लिया जाएगा। इतना ही नहीं यात्रियों का अतिरिक्त सामान लोड कर उनके स्टेशन पर भी उतारेगा। इसे लेकर खाका तैयार किया जा रहा है।
तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों के सामान को घर से उठाने की व्यवस्था शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। उम्मीद है कि 14 फरवरी से ट्रेन फिर से शुरू होने तक सुविधा मिलने लगेगी। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल एयरपोर्ट की तर्ज पर यात्रियों का सामान लोड-अनलोड करेगा। आला अधिकारियों ने बताया कि इस सुविधा के तहत स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के सामान को अलग से सैनिटाइज कर पैकिंग की जाएगी। सामान अधिक हुआ और यात्री उसे लोड करवाना चाहेगा तो ऐसा कर उसके स्टेशन पर उतार दिया जाएगा।
माथापच्ची कर रहे हैं अधिकारी
रेलवे यात्रियों को एक सीमा तक सामान मुफ्त में ले जाने की सुविधा देता है। इससे ज्यादा लगेज पर बुकिंग करानी पड़ती है। ऐसे में जंक्शन पर सैनिटाइजेशन व पैकिंग होती है तो लगेज के भार अनुसार क्या शुल्क लिया जाएगा। वहीं, नए चार्ज फिक्स होंगे या पुराने पर ही सैनिटाइजेशन व पैकिंग चार्ज लगा दिए जाएंगे, इसे लेकर अधिकारी माथापच्ची कर रहे हैं। इसके अलावा अगर यात्री को बीच के किसी स्टेशन पर उतरना है और वहां ट्रेन रुकने का समय कम है तो यात्री को उसका सामान उतारकर देना चुनौती रहेगी। इसे लेकर भी मंथन चल रहा है। वहीं, पहले ही पार्सल बुकिंग के लिए कोच में जगह कम पड़ जाती है, ऐसे में लगेज के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
लगेज ले जाने का अभी यह है नियम
श्रेणी फ्री एलाउंस
फर्स्ट एसी 70 से 150 किग्रा
सेकेंड एसी 50 से 100 किग्रा
थर्ड एसी 40 किग्रा
स्लीपर 40 से 80 किग्रा
सेकेंड क्लास 35 से 70 किग्रा