लखनऊ। राजधानी में गांव की सरकार चुनने के लिए शुरू हुई मतगणना में रविवार देर रात तक विभिन्न पदों पर शह, मात का खेल चलता रहा। कई सीटों पर कड़े मुकाबले के बीच प्रशासन की ओर से रात एक बजे कुल 494 प्रधान पद की सीटों में से 206 सीटों पर विजयी उम्मीदवार घोषित कर दिए गए थे। वहीं बीडीसी यानी क्षेत्र पंचायत सदस्य के 628 पदों में से 145 पर भी परिणाम की घोषणा कर दी गई थी। जीते प्रत्याशियों में बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं। किसी ने परिवार की परंपरागत सीट जीती है तो किसी ने बदलाव की बयार बहाने के लिए मोर्चा संभाला है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मिश्र के अनुसार, देर रात तक चल रही मतगणना में सबसे ज्यादा 37 प्रधान पद के रिजल्ट माल ब्लॉक में घोषित कर दिए गए थे। यहां कुल 67 पदों पर चुनाव हुआ है। वहीं मलिहाबाद की 67 सीटों में से 20, मोहनलालगंज व गोसाईगंज की 78-78 सीटों में से 32-32 परिणाम दोनों जगह घोषित हो गए थे। चिनहट की 18 सीटों में से 10, बीकेटी की 94 सीटों में से 19, काकोरी और सरोजनीनगर की 47-47 सीटों में से क्रमश: 15 व 11 पदों पर परिणाम घोषित कर दिए गए थे। वहीं बीडीसी के पदों चिनहट में नौ, बीकेटी में एक, माल में 40, मलिहाबाद में 18, काकोरी में 6, सरोजनीनगर में 8, मोहनलालगंज और गोसाईगंज में 18-18 पदों पर विजयी प्रत्याशी घोषित कर दिए गए थे। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर 1399 उम्मीदवार घोषित किए जा चुके थे।
22 वर्षीय पूजा बदलेंगी गांव की तस्वीर
चिनहट की धोबैला ग्राम पंचायत से निर्वाचित 22 वर्षीय पूजा निषाद कम उम्र में प्रधान बनने वाली बेटियों में से एक हैं। वह कहने को तो महज कक्षा आठ पास हैं, लेकिन उनके सपने बड़े हैं। पूजा का कहना है कि उन्हें जीतने की बहुत खुशी है। वह गांव में ही महिलाओं के लिए रोजगार के केंद्र की स्थापना करेंगी जिससे वह आत्मनिर्भर बनें और गांव से बाहर काम मांगने न जाना पड़े।
दो बार की गिनती में दूसरे से तीसरे पर पहुंचे
गोसाईगंज में एक सीट पर गजब मुकाबला हुआ। यहां राम प्रगति ने जीत हासिल की तो दूसरे नंबर पर उमेश यादव ने फिर से गिनती की मांग की। इस पर चार वोट से जीत रहे राम प्रगति का एक वोट कम हो गया। इस पर उमेश ने फिर सवाल खड़े किए और फिर से गिनती हुई, लेकिन इस बार उमेश के ही कुछ वोट गलत मिल गए और वह दूसरे से तीसरे नंबर पर पहुंच गए। इस सीट पर राम प्रगति 351 वोट से जीते। वहीं दूसरे नंबर पर आसिफ खान 347 और तीसरे पर उमेश यादव रहे।