लखनऊ। कैंट स्थित दिलकुशा गार्डन में आम तोड़ने से मना करने पर पीएसी के चार सिपाहियों पर युवकों ने हमला कर दिया। ईंट-पत्थर चलाने से दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बुलंदशहर के जुनैदपुर निवासी उम्मेद कुमार 47वीं वाहिनी पीएसी में तैनात हैं और वर्तमान में उनकी ड्यूटी सीएम आवास पर है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई की शाम वह वह साथी मेरठ इंचौली निवासी सोनू कुमार, अजय कुमार और प्रवेश कुमार के साथ दिलकुशा गार्डन में व्यायाम करने गए थे। वहां दो युवक आम तोड़ रहे थे। मना करने पर दोनों ने अभद्रता की और फोन कर अपने कई साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने उन लोगों पर ईंट-पत्थर फेंके। इससे उम्मेद कुमार और सोनू कुमार के सिर में चोट लगी। थानाध्यक्ष गुरप्रीत कौर ने बताया कि बलवा, मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।