भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के स्थापना दिवस पर हुआ कार्यक्रम
लखनऊ। भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान परिसर में बृहस्पतिवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के 98वें स्थापना दिवस समारोह पर कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री, लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि कभी भारत को खाद्यान्न आयात करना पड़ता था, जबकि आज दुनिया भर में कृषि उत्पादों का निर्यात कर रहा है।
मंत्री ने नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खाद्य तेलों व दलहनों के आयात पर देश की निर्भरता को कम करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने प्रति हेक्टेयर 115 टन गन्ना उत्पादकता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान और किसान-केंद्रित हस्तक्षेपों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान किसानों को मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। साथ ही मलिहाबाद और बीकेटी क्षेत्र के 100 किसानों को कृषि इनपुट किट वितरित किए गए।