दीवान की आत्महत्या के बाद मौके पर पहुंचे एसपी आलोक प्रियदर्शी और एएसपी अविनाश मिश्र।
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर जिले के बसखारी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर गए पीएसी के एक दीवान ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, किछौछा दरगाह मेले के लिए पीएसी की एक टीम बसखारी थाना क्षेत्र के हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज में इन दिनों रुकी हुई है। मंगलवार सुबह पीएसी के जवानों में उस समय हड़कंप मच गया जब उन्होंने एक साथी कर्मी मऊ जनपद के मोहम्दाबाद थाना अंतर्गत कोठिया निवासी रामानंद राम (56) को खिड़की के सहारे फांसी से लटके देखा।
आनन फानन में रामानंद को बसखारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आत्महत्या क्यों की अभी तक इसका कोई कारण पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल पर मौजूद जिले के पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने आत्महत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि कारणों की छानबीन कराई जा रही है।