लिंब सेंटर के कोविड अस्पताल में लगा ऑक्सीजन टैंक
कोरोना के गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन की नहीं होगी कमी
केजीएमयू लिंब सेंटर कोविड अस्पताल में कोविड रोगियों के लिए ऑक्सीजन टैंक लगा दिया गया है। इससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में आसानी होगी। यह बात केजीएमयू कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. बिपिन पुरी ने कही। वह बृहस्पतिवार को केजीएमयू लिंब सेंटर में लिक्विड ऑक्सीजन टैंक के उद्घाटन अवसर पर मौजूद रहे।
कुलपति ने कहा कि संस्थान में प्रदेश भर से कोरोना के गंभीर मरीज आ रहे हैं। डॉक्टर कोरोना मरीजों के इलाज में जुटे हैं। लिक्विड ऑक्सीजन से गंभीर मरीजों का इलाज आसान होगा। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि आठ अगस्त से लिंब सेंटर में कोरोना मरीजों की भर्ती शुरू हुई। अभी तक आईसीयू, एचडीयू और वेंटिलेटर पर भर्ती मरीजों को सिलेंडर से पाइप लाइन के माध्यम से ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही थी। 320 बेड के कोविड अस्पताल में बड़ी संख्या में गंभीर मरीज भर्ती हैं। कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी न होने पाए इसलिए यहां पर ऑक्सीजन टैंक लगाया गया है। इस टैंक की क्षमता 20 हजार लीटर है। संस्थान में अब तक छह लिक्विड ऑक्सीजन टैंक की क्षमता 110000 लीटर है। उन्होंने बताया कि जल्द ही क्वीनमेरी में 20 हजार लीटर का लिक्विड ऑक्सीजन टैंक लगाया जाएगा। इस मौके पर वित्त नियंत्रक कमलेश कुमार, कुलसचिव आशुतोष कुमार द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।