मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा संविधान हम सभी का गौरव है और 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। संविधान हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ कर्तव्यों का बोध कराता है और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास भी कराता है।
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के गठन के समय संविधान निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर विचार हुआ था। संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी भावना के अनुरूप भारतीय संविधान का निर्माण किया गया।
योगी ने कहा कि आज हमें गौरव की अनुभूति होती है कि दुनिया में भारत का संविधान ऐसा संविधान है, जिसने पहले दिन से ही बिना किसी भेदभाव के हर वयस्क भारतीय को मताधिकार दिया। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।