मुख्यमंत्री अखिलेश यादव डालीगंज क्रासिंग पर बनाए गए रेलवे ओवर ब्रिज का 23 अगस्त को औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
यह पुल फिलहाल जनता के इस्तेमाल के लिए खोला जा चुका है। 200 करोड़ रुपए की लागत से राज्य सेतु निगम ने पुल का निर्माण नौ महीने के रिकार्ड समय में किया है।
पुल के उद्घाटन को लेकर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अभिषेक मिश्र ने बीते रोज यहां निरीक्षण किया। पुल के नीचे हुए अतिक्रमण को लेकर मंत्री नाराजगी व्यक्त की।
पुलिस को आदेशित किया कि, यहां नीचे एक भी दुकान न लगे और न ही कोई आटो टैंपो वाले को खड़ा होने दिया जाए।
इसके बाद एसपी टीजी के नेतृत्व में पुलिस ने यहां से अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा। एलडीए उपाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों ने इस संबंध में पुल का निरीक्षण किया और यहां आयोजन को लेकर रूपरेखा तय की।
यह पुल पिछले करीब 15 दिन से जनता के लिए अनौपचारिक तौर पर खोला जा चुका है। इसका निर्माण पिछले दिसंबर में शुरू किया गया था।
प्राधिकरण इसकी नोडल एजेंसी और राज्य सेतु निगम कार्यदाई संस्था है। 200 करोड़ रुपए की लागत से पुल का निर्माण किया गया है।
डालीगंज क्रासिंग से आगे एल शेप में यह पुल करीब 900 मीटर लंबा बनाया गया। इससे सीतापुर रोड से निराला नगर जाने वाले और निराला नगर और आईटी क्रासिंग की ओर से सीतापुर रोड को जाने वाली जनता का रास्ता बहुत आसान हो गया।
पुल के उद्घाटन को लेकर पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव रजनीश दुबे ने प्राधिकरण को पत्र लिख कर समारोह में मुख्यमंत्री की आमद की जानकारी दी है और इससे जुड़े तमाम जरूरी इंतजाम करने को लेकर भी निर्देशित किया है।