लखनऊ। राजधानी के 2,66,896 स्मार्ट प्रीपेड मीटर धारक उपभोक्ताओं में से 2,13,758 मीटर पोस्टपेड में बदल गए हैं। अमौसी, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम और गोमतीनगर जोन के इन उपभोक्ताओं में से करीब डेढ़ लाख के बिल भी बुधवार तक जारी हो गए।
इन उपभोक्ताओं को उनके मीटर के पोस्टपेड होने और शेष रकम का संदेश मोबाइल पर मिल गया है। जिन उपभोक्ताओं को अभी तक संदेश नहीं मिला, वह परेशान न हों, उन्हें जल्द ही मेसेज प्राप्त होगा।
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने कहा कि संदेश की रकम को लेकर भ्रम होने पर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। कई उपभोक्ता पॉजिटिव बैलेंस का बिल लेकर कार्यालय पहुंचे। उन्हें लगा कि बिल जमा होने के बाद भी बैलेंस का संदेश आया है। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट किया कि संदेश में दर्ज रुपये बिजली विभाग के पास अग्रिम जमा हैं। यह रकम जून के बिल में समायोजित की जाएगी। स्मार्ट पोस्टपेड मीटर धारक उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक बिजली बिल का संदेश मिलेगा। देय तारीख तक बिल जमा न करने पर बिजली काट दी जाएगी।
उपभोक्ताओं में खुशी की लहर
प्रीपेड मीटरों के पोस्टपेड में बदलने से उपभोक्ताओं में खुशी का माहौल है। उपभोक्ता तौकीर हुसैन ने कहा कि अब 200 रुपये के बकाये पर बिजली कटने का डर खत्म हो गया है। अतुल कुमार जैन ने बताया कि पोस्टपेड मीटर से बिजली खपत का हिसाब लगाना आसान होगा। राजेश पाल ने कहा कि वे एप से बिल डाउनलोड कर उसकी जांच कर सकेंगे।
-
जोनवार मीटरों की स्थिति
जोन स्मार्ट मीटर प्रीपेड
अमौसी 97,309 74,847
लखनऊ मध्य 79,164 64,740
जानकीपुरम 48,790 41,199
गोमतीनगर 41,753 33,072
कुल 2,66,896 2,13,758
वर्जन
जानकीपुरम जोन में 41,753 उपभोक्ताओं के घरों-दुकानों के स्मार्ट प्रीपेड मीटर में से 30 हजार को पोस्टपेड कर दिया गया है। ऐसे उपभोक्ताओं के मई में जली बिजली के पोस्टपेड बिल भी बन गए हैं।
वीपी सिंह, मुख्य अभियंता जानकीपुरम जोन