हजरतगंज सि्थत शोरूम में शुक्रवार को कार की डिलीवरी लेता परिवार। -संवाद
लखनऊ। धनतेरस से एक दिन पहले ही लखनऊ के ऑटो बाजार में बंपर बिक्री के साथ रिकॉर्ड तोड़ कारोबार देखने को मिला। शुक्रवार को ही 1000 से ज्यादा कारों की डिलीवरी के साथ ऑटो बाजार की धनतेरस मन गई। इसके अलावा 5000 बाइकों की डिलीवरी हुई। इस हिसाब से शुक्रवार को ऑटो सेक्टर में 150 करोड़ का कारोबार किया।
कारोबारियों का कहना है कि इस धनतेरस तक 10 हजार बाइकें और 5000 कारों की बिक्री तय है, लेकिन स्टॉक की कमी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। दोपहिया वाहनों के कई मॉडल आउट ऑफ स्टॉक हैं, जबकि कारों में लगभग सभी मॉडलों की लंबी वेटिंग चल रही है। नई जीएसटी व्यवस्था और फेस्टिव ऑफर्स के चलते कारों पर 1 से 1.5 लाख रुपये और बाइकों पर 10-18 हजार रुपये तक की कीमत का असर देखा गया है। अभी भी करीब 3000 कारों पर लंबी वेटिंग है। इनकी डिलीवरी नवंबर तक होगी।
65 कारों की डिलीवरी, इस बार बंपर कारोबार
अच्छे ऑफर्स की वजह से इस बार बंपर कारोबार हो रहा है। हमारे यहां 65 कारों की डिलीवरी हुई है। शनिवार और रविवार के साथ साथ दिवाली के बाद तक डिलीवरी चलेंगी।
- अमित कुमार, ग्रुप जीएम सेल्स, जेएसवी ह्युंडई
ऐसे हुई 1000 से ज्यादा कारों की डिलीवरी
लखनऊ में 100 से ज्यादा कारों के डीलर्स हैं जिनमें से कुछ ने ही अपने यहां की डिलीवरी के बारे में जानकारी दी है। सबसे ज्यादा मारूति सुजुकी के डीलर मेगा मोटर्स ने 200 कारों की डिलीवरी की है। बीआर ह्यूंडई ने 75, जेएसवी ह्युंडई ने 65, नारायण ऑटो ने 81 कारों की डिलीवरी की है। इस हिसाब से कुल 421 डिलीवरी हुई हैं। जबकि, शहर के अन्य डीलरों ने भी शुक्रवार को 500 से ज्यादा कारों की डिलीवरी की।