सुल्तानपुर। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की अदालत ने ढाई माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिले क्लीनिक संचालक सूरजभान के शव के प्रकरण को संज्ञान में लिया है। शनिवार को अदालत ने इस मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच के लिए नगर कोतवाल को आदेश दिया है।
कुड़वार थाने के कुबेर तिवारी का पुरवा मजरे प्रतापपुर के रहने वाले मेघनाथ ने सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी। आरोप के मुताबिक, उनका बेटा सूरजभान शिवगढ़ थाने के कन्हईपुर बाजार में क्लीनिक चलाता था। शाम को वह दुकान से घर लौटा आता था। आरोप के मुताबिक, आठ अप्रैल को वह घर से क्लीनिक पर गए, लेकिन लौट कर नहीं आए। खोजबीन करने पर कोतवाली नगर के कुड़वार रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास सड़क के किनारे फेंकी उसकी लाश मिली।
मृतक के पिता का आरोप है कि कुड़वार थाना क्षेत्र की एक लड़की की ओर से सूरजभान पर नाजायज दबाव बनाया जा रहा था। उनके बेटे ने शादी करने से मना कर दिया था। सूरजभान को हत्या की धमकी मिली थी। आरोप है कि इसी रंजिश की वजह से लड़की ने साजिश रचकर उनके बेटे की हत्या करा दी।
आरोप के मुताबिक, लिखित सूचना देने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने उनके बेटे की हत्या का केस नहीं दर्ज किया तो पीड़ित पिता ने कोर्ट की शरण ली थी।