तिहरे हत्याकांड में डीजीपी ने शुरू कराई जांच
क्रासर- गाजियाबाद से आए पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गुहार पर हुई सुनवाई
लखनऊ। नोएडा में तिहरे हत्याकांड के आरोपी की नाटकीय अंदाज में रिहाई से आहत परिवार ने मंगलवार को गाजियाबाद से आकर मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गुहार लगाई। इस पर पुलिस महानिदेशक ने मुख्यालय पर बुलाकर शिकायत सुनी। कैसरबाग के होटल से गिरफ्तार आरोपी की सिफारिश की वीडियो क्लिप देखकर जांच के आदेश दिए। हमले में मारे गए भाजपा नेता व स्कूल संचालक के परिवार को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी व कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नोएडा में डेढ़ साल पहले भाड़े के हत्यारों की फायरिंग में मारे गए निजी सुरक्षाकर्मी व वाहन चालक के साथ मारे गए भाजपा नेता व स्कूल संचालक शिवकुमार यादव के भाई योगेश यादव, योगेंद्र यादव, मां बाला देवी और पत्नी नीलम यादव बुधवार को मुख्यमंत्री के जनता दरबार पहुंचीं। मंत्री अनिल राजभर से हत्याकांड में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी विवेचक द्वारा रिमांड न लेने से उसकी रिहाई की शिकायत की। बताया कि आरोपी अमन यादव गिरफ्तारी के दौरान पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के एक अधिकारी द्वारा फोन कर पुलिसकर्मियों से सिफारिश की गई थी। इतना ही नहीं कैसरबाग कोतवाली में शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार अमन यादव के खिलाफ तिहरे हत्याकांड में जारी गैर जमानती वारंट लेकर गाजियाबाद से आए विवेचक ने उच्चाधिकारियों के दबाव में न्यायालय में रिमांड की अर्जी नहीं दी, बल्कि कैसरबाग कोतवाली के रोजनामचे में अपनी बीमारी की लिखापढ़ी कर अस्पताल चले गए। न्यायालय ने शस्त्र अधिनियम की धारा-30 में अमन यादव को जमानत पर रिहा कर दिया।
पुलिस महानिदेशक ओमप्रकाश सिंह ने शिकायत सुनने के साथ गिरफ्तारी के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग देखी। मुख्यालय में तैनात अधिकारी द्वारा सिफारिश और माजरा समझ आने पर उन्होंने जांच के आदेश दिए। परिवार को आरोपियों की गिरफ्तारी व निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। हमले में मारे गए शिवकुमार यादव की पत्नी ने बताया कि फरार आरोपियों में अमन यादव, गोंडा में तैनात उपनिरीक्षक अमित यादव, जेपीनगर में तैनात मुख्य आरक्षी रवींद्र यादव और अमित यादव का साला प्रवीण यादव शामिल है। दरोगा अमित यादव और मुख्य आरक्षी रवींद्र यादव ड्यूटी से गैरहाजिर हैं। रवींद्र को जेपीनगर के एसपी निलंबित कर चुके हैं लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।