लखनऊ। अंसल गोल्फ सिटी के सेलेब्रिटी गार्डन में शुक्रवार को ओपन जिम का महापौर सुषमा खर्कवाल ने उद्घाटन किया। यह जिम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की सीएसआर निधि से स्थापित किया गया है।
यह पहल सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा से की गई है। महापौर ने कहा कि शहर में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थलों पर ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। सरकारी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जनहित के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का नियमित उपयोग करें। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, सोसाइटी अध्यक्ष संदीप सोनी, उपाध्यक्ष आरती यादव, सचिव कृष्ण स्वरूप और कोषाध्यक्ष अनुग्रह मिश्रा उपस्थित रहे।