उत्तर प्रदेश में गुरुवार से सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी, ओपीडी, डायग्नोस्टिक व अन्य जरूरी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. डीएस नेगी ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।
मरीजों को देखने के लिए कोरोना संक्रमण से बचाव की गाइडलाइन को मानना होगा। अस्पतालों में तीमारदारों की संख्या सीमित की जाएगी।
महानिदेशक डॉ. डीएस नेगी के अनुसार केंद्र सरकार की अनलॉक -4 की गाइडलाइन के अनुसार सभी अस्पतालों में जरूरी सेवाएं शुरू जा रही हैं। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव की सावधानी बरतना जरूरी होगा। सभी रोगियों, उनके परिजनों, चिकित्साकर्मियों को हर समय मास्क पहनना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करना होगा।
सैनिटाइजर का प्रयोग सुनिश्चित करना होगा। चिकित्सालयों को दिन में दो बार सैनिटाइज किया जाएगा। रोगियों के साथ आ रहे परिजनों की संख्या सीमित की जाएगी। इसके अलावा अस्पतालों में होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा, जहां कोविड के संदिग्ध मरीजों केा रखा जाएगा।
उनकी कोविड की जांच कराते हुए जरूरी इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह निर्देश सभी जिला, संयुक्त, पुरुष व महिला अस्पतालों पर लागू होंगे।