पूर्व मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने पार्टी के तीनों विधायकों के भाजपा के पाले में जाने की चर्चाओं को अफवाह बताया है। अपने अधिकृत ट्विटर हैंडल से बुधवार को उन्होंने कहा, भाजपा यह फैला रही है कि सुभासपा के विधायक रामानंद बौद्ध, त्रिवेणी राम और कैलाश नाथ सोनकर भी राजभर के साथ नहीं हैं। जबकि तीनों विधायक मेरे साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।
तीनो विधायक संघर्षों के साथी हैं, इसलिए उनका पार्टी छोड़कर जाने का सवाल ही नहीं है। भाजपा चाहे जितनी कोशिश कर ले, उसका विधायकों को तोड़ने का मंसूबा सफल नहीं होगा।
उधर, रामानंद बौद्ध ने भी ट्वीट कर कहा, ओमप्रकाश ही दलितों, पिछड़ों व गरीबों के अधिकार की लड़ने वाले नेता हैं, इसलिए हम उनका साथ कभी नहीं छोड़ेंगे। भाजपा गुलामी कराना चाहती है, जो सुभासपा के विधायक पसंद नहीं करेंगे। हम सभी विधायक सुभासपा के साथ खड़े हैं। हालांकि दो अन्य विधायकों की अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसे लेकर भी चर्चाएं हैं।