भिनगा तहसील में पीड़ितों की फरिया सुनते अधिकारी।
श्रावस्ती। सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। भिनगा में सीडीओ अनुभव सिंह व एसपी घनश्याम चौरसिया ने पीड़ितों की फरियाद सुनी। इस दौरान कुल 24 मामले आए। इनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं इकौना में 47 मामलों के सापेक्ष पांच व जमुनहा में 18 मामलों के सापेक्ष दो मामलों का निस्तारण किया गया।
भिनगा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुलीमपुर निवासी सूर्य प्रकाश पाठक ने शिकायती पत्र देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस पर सीडीओ ने संबंधित कर्मियों को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह से सिरसिया क्षेत्र के ग्राम सेखवनिया निवासी रामगोपाल ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। इसे मौके पर ही निस्तारित किया गया। इस मौके पर एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, सीएमओ डॉ. एके सिंह, नायब तहसीलदार नेहा राजवंशी, ईओ डा अनीता शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. अमरनाथ यति, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
चकमार्ग पटवाने की मांग
पटना खरगौरा निवासी रामसूरत ने शिकायती पत्र देकर चकमार्ग पटवाने की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि उसके खेत को जाने वाले चकमार्ग को अन्य लोगों ने जोत कर अपने खेत में मिला लिया है। इससे उसे खेत तक पहुंचने में समस्या होती है।
महिला को मृत दिखाकर कराई वरासत
सिरसिया क्षेत्र के ग्राम विशुनापुर निवासी रमपता उर्फ रजपता ने दिए शिकायती पत्र में कहा कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसे मृतक दिखाकर उसकी भूमि की वरासत अपने नाम करा ली है। जबकि वह प्राथमिक विद्यालय विशुनापुर में रसोइया के पद पर काम कर रही है। महिला ने मामले की जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।