सरोजनीनगर। बिजनौर क्षेत्र में ऑनलाइन जॉब के नाम पर युवती से 55,880 रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बिजनौर के सरवननगर निवासी नीरज कुमार सिंह के मुताबिक उनकी बेटी चारु सिंह 23 जून को मोबाइल पर नौकरी तलाश रही थी। तभी इंडिगो के नाम से दिखे लिंक पर क्लिक करते ही कॉल आई। फोन करने वाले ने ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर फीस जमा कराने के नाम पर कई बार में रकम ले ली। बाद में चारु ने इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर जांच की तो अहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पीड़िता ने तत्काल साइबर सेल हजरतगंज में शिकायत दर्ज कराई। जानकारी मिली कि उसकी रकम फिलहाल होल्ड पर है और रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही न्यायालय से पैसे रिलीज का आदेश जारी होगा। इस पर नीरज सिंह ने बिजनौर थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।