लखनऊ। चौक कोतवाली से कुछ दूरी पर शोहदे ने मिठाई की दुकान पर महिला से छेड़छाड़ की। पति ने विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया। पीड़ित ने केस दर्ज कराया है।
चौक निवासी महिला 10 अक्तूबर की रात नौ बजे पति के साथ कोतवाली के पास की मिठाई की दुकान पर पानी के बताशे खा रही थी। आरोप है कि इस बीच वहां पहुंचा युवक उनसे छेड़छाड़ करने लगा। पति ने विरोध किया तो युवक उनसे गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते वह उग्र हो गया और महिला के पति के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे तो युवक भाग गया। लोग घायल को प्राइवेट क्लीनिक ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने बताया कि घायल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरे से उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।