कुमारगंज। उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट-2026) के तहत ऑनलाइन काउंसिलिंग में आवंटित अभ्यर्थियों के प्रवेश और रिपोर्टिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कार्यक्रम जारी किया है।
कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इससे प्रवेश प्रक्रिया का कार्य सुचारु और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकेगा।
विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए रिपोर्टिंग तिथियां
उप कुलसचिव डॉ. रागिनी मिश्रा ने बताया कि बीवीएससी एंड एएच (पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय) पाठ्यक्रम के लिए रिपोर्टिंग सात जुलाई से शुरू हो चुकी है। इस पाठ्यक्रम के लिए 8 जुलाई को भी रिपोर्टिंग होगी। बीवीएससी एंड ए.एच पाठ्यक्रम के लिए रिपोर्टिंग 15-16 जुलाई को भी निर्धारित है। अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए रिपोर्टिंग 27-29 जुलाई, 8-10 अगस्त और 20-22 अगस्त को होगी। मास्टर्स पाठ्यक्रमों के लिए 20-21 व 24-25 अगस्त की तिथियां तय की गई हैं। पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए 24-25 अगस्त को रिपोर्टिंग होगी। प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन, फोटो मिलान और प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं। विश्वविद्यालय ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।