अमीनाबाद व्यापारी संघर्ष समिति के संयोजक ने बताया कि नवरात्र के दिनों में कारोबारियों ने लगभग 300 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें प्रमुख रूप से कपड़े और शादी की सामानों की बिक्री शामिल है। पूरे नवरात्र मोहन मार्केट, स्वदेशी मार्केट, प्रताप मार्केट, झंडेवाला पार्क रोड, मंदिर मार्ग, नजीराबाद और गणेशगंज में ग्राहकों की भीड़ रही।
घर पहुंचे 100 करोड़ के गहने
लखनऊ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं फतेहगंज के कारोबारी रविंद्र नाथ रस्तोगी ने बताया कि नवरात्र में अनुमानित 100 करोड़ रुपये के गहने ग्राहक खरीद कर घर ले गए। इनमें अधिकतर वे ग्राहक हैं, जिनके परिवार में नवंबर-दिसंबर में शादी है। आलमबाग के प्रणय केसरवानी ने बताया कि सराफा का कारोबार बेहतर चल रहा है।
मेगा मोटर शोरूम, विभूतिखंड।
- फोटो : amar ujala
गोमती नगर के विभूति खंड स्थित मेगा मोटर शोरूम से नवरात्र में 175 मारुति कारों की बिक्री हुईं। इनमें अर्टिगा और ब्रेजा शामिल रहीं। शोरूम के सीईओ इमरान अहमद ने बताया कि शनिवार के चलते बुकिंग कारों की डिलीवरी अष्टमी और नवमी को नवरात्र के आम दिनों के मुकाबले कम हुई। शाम छह बजे तक सिर्फ 15 कारों की ही डिलीवरी हो सकी।
रेडीमेड कपड़ों की जमकर खरीदारी
नवरात्र में लगभग 160 करोड़ रुपये के रेडीमेड कपड़ों का कारोबार होने का अनुमान है। कारोबारी अशोक भाटिया इसकी वजह नवंबर से शुरू हो रहीं शादियां बताते हैं। नवरात्र में शुभ घड़ी होने से जिन परिवारों में शादियां थीं, उन्होंने जमकर कपड़ों की खरीदारी की। रेडीमेड का व्यापार उम्मीद से बेहतर रहा, जो दिसंबर तक जमकर चलेगा।
अष्टमी और नवमी पर सबसे महंगी तीन बीएमडब्ल्यू कार बिकी। एक बीएमडब्ल्यू कार की कीमत सवा करोड़ रुपये हैं। इसके अतिरिक्त 25 लाख से लेकर 70 लाख रुपये कीमत तक की बहुत सी कार घर पहुंची। नवरात्र के पहले दिन से शनिवार दोपहर तक 3,350 दोपहिया और चार पहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ। एआरटीओ (प्रशासन) सिद्धार्थ यादव के मुताबिक नवरात्र पर कुल कितने वाहन पंजीकृत हुए ये जानकारी मंगलवार को मिलेगी।