प्रदेश में कोरोना से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी भी संक्रमित हो चुके हैं। पुलिस महकमे की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर यकीन करें तो जितने भी पुलिस कर्मियों का कोरोना टेस्ट कराया गया, उसमें से एक तिहाई पुलिस कर्मी संक्रमित निकले। जिन पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट पाजिटिव आई और उनमें लक्षण दिखे, सभी का इलाज एल 1 व एल 2 अस्पतालों में कराया गया।
डीजीपी मुख्यालय के आंकड़ों की मानें तो अब तक 31181 पुलिस कर्मियों का कोरोना टेस्ट हो चुका है। इसमें से 10858 पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए। 56 कोरोना संक्रमित पुलिस कर्मी दम तोड़ चुके हैं। हालांकि कोरोना से रिकवरी रेट पुलिस महकमे का काफी अच्छा है। जो पुलिस कर्मी संक्रमित हुए उसमें से 9995 पुलिस कर्मी स्वस्थ होकर वापस ड्यूटी पर लौट आए हैं। मौजूदा समय में कोरोना संक्रमित पुलिस कर्मियों की संख्या 807 है।
सिग्रेचर बिल्डिंग में अब तक 150 लोगों के कोरोना टेस्ट कराए गए हैं। इसमें से 97 पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए। एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई। 25 पुलिस कर्मी अब भी संक्रमित हैं। बाकी 71 पुलिस कर्मी ठीक होकर वापस काम पर लौट आए हैं। अब तक जो पुलिस कर्मी संक्रमित हुए हैं उसमें से 8700 विभिन्न जिलों में तैनात पुलिस कर्मी हैं जिसमें सीओ से लेकर सिपाही तक शामिल हैं। कई जिलों के पुलिस कप्तान भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा प्रशिक्षण इकाइयों में 641, पीएसी में 568, होमगार्ड में 268, रेलवे में 170 और बाकी इकाइयों में 414 पुलिस कर्मी कोरोना के संक्रमण का शिकार हो चुके हैं।